
एम्स नई दिल्ली के डॉक्टरों ने एक बेहद दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है. एम्स के डॉक्टरों ने महज 4 महीने के एक शिशु पर बेहद दुर्लभ और तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण लंग-स्पेरिंग (Lung-Sparing) सर्जरी की है. बच्चे के दोनों फेफड़ों में जन्मजात खराबी (Congenital Pulmonary Airway Malformation- CPAM) थी. हालांकि सर्जरी के दो दिन बाद इस बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जो इतनी जटिल सर्जरी के बाद बेहद तेज रिकवरी मानी जा रही है.
एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मानें तो 4 महीने के शिशु में फेफड़े के केवल प्रभावित हिस्से (Segmentectomy) को हटाने का यह दुनिया में रिपोर्ट हुए सबसे कम उम्र के और बेहद दुर्लभ मामलों में से एक है.
